हरियाणा की बेटी डॉ. सरोज मान ने हॉट मोंडे मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड (Haut Monde Mrs. India Worldwide) खिताब जीतकर पूरे विश्व में अपना परचम लहराया है।
विवाहित भारतीय महिलाओं के लिए हॉट मोंडे मिसेज इंडिया वल्र्डवाइड 2018 का ग्रैंड फिनाले जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार 26 सितंबर को आयोजित हुआ जिसमें इस सौंदर्य प्रतियोगिता के फाइनल के लिए दुनिया भर से चुनी गईं 100 महिलाओं ने भाग लिया।
हॉट मोंडे इंडिया ग्रुप के संस्थापक व अध्यक्ष भरत कुमार भ्रमर ने बताया कि विवाहितों के लिए यह एक ऐसा मंच है जहांपर उनकी रचनात्मकता को एक नया मंच दिया जाता है। यहां पर काफी संख्या में उपस्थित जनता के बीच सहजता से बोलने के लिए आत्मविश्वास पैदा करता है।
इस प्रतियोगिता में एक सप्ताह के लिए विवाहित महिला इस पूरे कार्यक्रम में रहती हैं और यहां पर सौंदर्य, कैटवॉक और नृत्य के अलग-अलग सत्र होते हैं। इस दौरान उन विवाहित महिलाओं के जीवन से संबंधित बहुत सारी बातें भी जानी जाती है। यहीं पर उनके आत्मविश्वास का एक मंच होता है।
हरियाणा की बेटी डॉ. सरोज मान ने देश की 20 हजार से ज्यादा सुंदरियों को पछाड़कर अपनी जगह इसमें बनाई थी और अब मिसेज इंडिया वर्ल्ड वाइड 2018 चुनी गई हैं। बचपन से ही आसमान में उड़ने का ख्वाब लेकर बड़ी हुई सरोज ने शिक्षा, खेल, चिकित्सा के साथ सौंदर्य के रैम्प पर भी अपना कदम आगे बढ़ाया है।
मूल रुप से डॉ. सरोज मान दंत चिकित्सक हैं और एक किसान की बेटी हैं। उनके पिता स्व. ओमप्रकाश मान है। इस उपलब्धि के लिए वो अपने परिवार और ससुराल के सहयोग को बता रही हैं।
सरोज ने कहा कि उनके पति जज हैं और उनके पिता किसान रहे हैं। उन्होंने यह खुशी अपने परिवार के साथ मनाई है और सरोज की मां और सातों भाईयों ने भी सरोज को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।